केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत बिट्टू के राहुल गांधी पर दिए गए बयान पर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पलटवार किया है। सुक्खू ने बुधवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि रवनीत बिट्टू कुर्सी बचाने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ अनापशनाप बयानबाजी कर रहे हैं। कहा कि छुटभैये नेताओं से भाजपा इस तरह की भाषा बुलवा रही है। बिट्टू जब कांग्रेस पार्टी में थे तो राहुल गांधी का गुणगान करते थे।  सुक्खू ने कहा कि भाजपा अपने छुटभैये नेताओं से उनके (राहुल गांधी) खिलाफ टिप्पणी करवा रही है। रवनीत सिंह बिट्टू जब पंजाब में कांग्रेस से सांसद थे, तब राहुल गांधी की तारीफ में कसीदे कसते थे। अब वह सांसद न होते हुए भी भाजपा सरकार में मंत्री बन गए हैं। वह राज्यसभा के सदस्य बनना चाहते हैं, इसलिए ध्यान खींचने के लिए राष्ट्रीय नेता के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं। हिमाचल कांग्रेस इसका विरोध करती है। कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को ऐसे नेताओं पर लगाम लगानी चाहिए। उत्तर भारत में चुनाव का समय है और इस तरह की टिप्पणियों के जरिये ध्यान खींचना सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने की राजनीति का हिस्सा है। ऐसी ही टिप्पणी शिवसेना की ओर से की गई है। कहा कि इस तरह की टिप्पणियों का कांग्रेस विरोध करती है। राहुल गांधी देश के एक सम्मानित नेता हैं। राहुल गांधी की नीतियों व कार्यक्रमों से कांग्रेस पार्टी की विचारधारा मजबूत हुई है।