हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को करीब तीन सालों के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार स्थायी कुलपति मिल गया है। प्रो. महावीर सिंह एचपीयू के नए वीसी बने हैं।  सोमवार को सरकार की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रो. महावीर इसी विश्व विद्यालय से पढ़ चुके हैं। प्रो. महावीर सिंह नैनो वैज्ञानिक के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा चुके हैं। इससे पूर्व वे बद्दी निजी विश्व विद्यालय के कुलपति के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।  सिंह प्रदेश विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष व डीन फिजिकल साइंस के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। शैक्षणिक एक्सीलेंस के साथ वे लंबा प्रशासनिक अनुभव भी रखते हैं।

विश्वविद्यालय के कुलपति का पद पिछले तीन सालों से रिक्त पड़ा था । प्रो. सिकंदर कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद से केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ही एचपीयू के कार्यवाहक कुलपति के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनके तीन साल का कार्यकाल बीते माह खत्म हो गया था। इसके बाद से नए कुलपति के तैनाती का इंतजार था। महावीर सिंह जिला शिमला के कुमारसैन क्षेत्र से संबंध रखते हैं।