
दिवाली और भैया दूज त्योहार के बाद 26 अक्तूबर से कांगड़ा हवाई अड्डे से चंडीगढ़ आने वाली इंडिगो कंपनी की फ्लाइट 8 नवंबर तक बंद रहेगी। इस दौरान न तो चंडीगढ़ से कोई फ्लाइट यहां आएगी और न ही यहां से चंडीगढ़ के लिए जाएगी। कंपनी ने ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर शेड्यूल अपलोड नहीं किया है। टिकट के लिए ऑनलाइन जानकारी देख कर रहे हैं तो इसमें 26 अक्तूबर से 8 नवंबर तक कोई फ्लाइट नहीं दर्शाई जा रही है।
इस फ्लाइट को कुछ समय के लिए बंद करने का कारण चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मरम्मत कार्य बताया जा रहा है। 14 दिन के लिए यात्रियों को इस फ्लाइट की सुविधा नहीं मिल पाएगी। लोगों को चंडीगढ़ जाने के लिए बस या गाड़ी का ही सहारा लेना पड़ेगा। कांगड़ा हवाई अड्डे से चंडीगढ़ के लिए केवल एक ही फ्लाइट है, जो कुछ समय के लिए बंद रहेगी। वहीं, ऑनलाइन पोर्टल पर 9 नवंबर का शेड्यूल दिखाया जा रहा है, लेकिन उसका किराया काफी ज्यादा है।
9 नवंबर को कांगड़ा हवाई अड्डा से चंडीगढ़ के लिए 21,837 रुपये किराया दर्शाया जा रहा है। त्योहारी सीजन के बाद लोगों को वापसी में दिक्कत हो सकती है। कंपनी ने हवाई किराये में बढ़ोतरी की है। सामान्य दिनों में यह किराया पांच से छह हजार रुपये के बीच रहता है। दिसंबर में फ्लाइट का शेड्यूल पूरे माह में केवल पांच से छह दिन ही दर्शाया जा रहा है। ऐसे में चंडीगढ़ के लिए हवाई सफर करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
