
हिमाचल प्रदेश के आपदाग्रस्त जिलों का दौरा करने के लिए केंद्र सरकार ने सात मंत्रियों की ड्यूटी लगा दी है। चंबा, मंडी, कुल्लू जिला में यह केंद्रीय मंत्री प्रवास करेंगे। दिल्ली लौटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रिपोर्ट सौंपेंगे। बीते दिनों हुए प्रधानमंत्री के प्रदेश दौरे के बाद स्थिति का विस्तृत आकलन करने के लिए सात मंत्रियों को जिम्मेवारी सौंपी गई है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सावित्री ठाकुर ने शुक्रवार को मनाली पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शनिवार को भी इनका दौरा जारी रहेगा। केंद्रीय शांतनु ठाकुर आज बंजार का दौरे पर हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर का हिमाचल दौरा शुरू हो गया है। 14-15 सितंबर को केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सराज, मंडी और कुल्लू जाएंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके 13-14 सितंबर को भटियात, भरमौर का दौरा करेंगे। इनके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांता मजूमदार, जितिन प्रसाद और जाधव राव गणपत राव भी जल्द हिमाचल आएंगे। इनके दौरे की रुपरेखा एक दो दिन में तय होगी। भाजपा महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा प्रभावित क्षेत्रों को 1500 करोड़ रुपये से अधिक सहायता को स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास स्थापित होगा। आपदाग्रस्त क्षेत्रों के राहत कार्यों में भी गति आएगी। उधर, शुक्रवार को कुल्लू जिला के बंजार और मनाली विस में दो केंद्रीय राज्य मंत्री पहुंचे। उन्होंने आपदा से प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्या व दर्द को सुना। केंद्रीय पोर्ट्स, शिपिंग एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर शुक्रवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर बजौरा पहुंचे।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर कुल्लू पहुंचीं। उन्होंने सेउबाग पुल, बंदरोल, रायसन, डोहलूनाला, पतलीकूहल से 17 मील तक ब्यास नदी द्वारा हुई तबाही का जायजा लिया। यहां पर उन्होंने कई प्रभावितों से मिलकर उनकी समस्या को सुना। महिलाओं ने दुखड़ा सुनाया। केंद्रीय राज्य मंत्री एनएचएआई, लोक निर्माण तथा बीआरओ के अधिकारियों से भी चर्चा की तथा सड़क बहाली को जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने आपदा में क्षतिग्रस्त बजौरा में निर्माणाधीन आयुर्वेदिक अस्पताल तथा पंचायत दियार के अंतर्गत आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कई प्रभावितों परिवारों ने मंत्री से मिलकर अपना दुखड़ा सुनाया। शाम को उन्होंने बंजार की तीर्थन घाटी का दौरा किया। शनिवार को वह सैंज मे भी आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मिलेंगे। उनके साथ बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
