
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के लंबागांव खंड की कोटलू पंचायत के एक व्यक्ति की सांप के काटने से मौत हो गई । मृतक की पहचान शशि कुमार(40) पुत्र लूडन राम गांव भटवारा कोटलू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार व्यक्ति को बुधवार रात को सांप ने काट लिया था। बुधवार रात को ही उसको जयसिंहपुर अस्पताल लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया।
लेकिन टांडा ले जाते समय व्यक्ति ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया । मृतक के छोटे भाई की करीब 12 साल पहले एक हादसे में मौत हो गई थी। मृतक की एक बहन है, जिसकी शादी हो गई है । मृतक की मां की भी पहले ही मौत हो गई है । मृतक दिहाड़ी मजदूरी ही करता था। मृतक अपने पीछे दो बेटे, पत्नी व पिता को छोड़ गया है।
