चंबा में आसमानी बिजली का कहर, 30 भेड़-बकरियों की मौत; 20 घायल
चंबा जिले के अलमी क्षेत्र में बुधवार देर शाम खराब मौसम के बीच आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बिजली की चपेट में आने से 30 भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गईं। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


हादसे में लिल्ह क्षेत्र के डगेड़ गांव निवासी तीन पशुपालकों तिलक, ठाकरू और भिंदर के पशुधन को भारी नुकसान हुआ है। तीनों गद्दी समुदाय से जुड़े पशुपालक बताए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम अलमी क्षेत्र में मौसम खराब था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ अचानक आसमानी बिजली गिरी, जिसकी चपेट में वहां मौजूद भेड़-बकरियां आ गईं। घटना के बाद प्रभावित पशुपालकों और स्थानीय लोगों ने घायल पशुओं को संभाला।


पशुधन की मौत से बढ़ी आर्थिक चिंता
गद्दी समुदाय के पशुपालकों के लिए भेड़-बकरियां आय का महत्वपूर्ण साधन हैं। बड़ी संख्या में पशुधन की मौत होने से प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं घायल पशुओं के इलाज और मृत पशुधन के नुकसान की भरपाई को लेकर भी पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है।


घटना की सूचना प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी गई। स्थानीय लोगों ने प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार उचित राहत और मुआवजा देने की मांग की है।


प्रशासन ने जांच के दिए आदेश
एसडीएम चिराग शर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने संबंधित विभागीय कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और नियमानुसार राहत प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।