कुल्लू। जिले में बरसात का मौसम आम लोगों पर कहर बनकर बरस रहा है। हाईवे के साथ ग्रामीण इलाकों की सड़कें अवरुद्ध होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मंगलवार को भी हाईवे-305 के साथ लारजी-सैंज सड़क बाधित रही और लोगों को बारिश में सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। हालांंकि हाईवे पर बसों की आवाजाही पिछले करीब 15 दिनों से बंद है मगर मार्ग अब छोटे वाहनों के लिए भी बंद हो रहा है। लारजी-सैंज सड़क भी तलाड़ा के साथ तरेढ़ा के पास हुए भूस्खलन से कई घंटे बंद रही। कुल्लू-मंडी हाईवे बंद रहने से मंगलवार को दूध, ब्रेड और अखबार की सप्लाई ठप रही। सोमवार रात से लेकर मंगलवार शाम तक लगातार बारिश से जिले में बंद सड़कों की संख्या 67 से बढ़ाकर 90 हो गई। वहीं मनाली क्षेत्र में बिजली के 67 ट्रांसफार्मर जाम होने से कई गांवों में अंधेरा पसरा है। दिनभर बारिश के कारण बिजली के साथ सड़कों को बहाली का काम युद्धस्तर पर नहीं हो सका जिस कारण लोगों को आने वाले दिनों में परेशानी झेलनी होगी। बारिश से ब्यास के साथ जिला के नदी-नालों का जलस्तर उफान पर बहने से किनारों में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे हफ्ते का येलो व ऑरेंंज अलर्ट जारी किया है। अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि बरसात का मौसम लगातार बरस रहा है। रात से हो रही बारिश से किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। बारिश से मूलभूत सुविधाओं को सुचारु करने में भी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। बावजूद सभी विभागों को सड़क, बिजली व पानी की सुविधा को बहाल करने करने के निर्देश दिए गए हैं।