
HPBOSE TET 2025 Answer key: हिमाचल प्रदेश विद्यालयी शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने आज 23 जुलाई, 2025 को शिक्षक पात्रता परीक्षा (HP TET) 2025 की अनंतिम उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जारी कर दी है। उम्मीदवार अब सभी विषयों की उत्तर कुंजी सीरीज A, B, C और D के अनुसार ऑनलाइन देख सकते हैं।
HP TET 2025 की परीक्षाएं जून और जुलाई महीने में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थीं। इन परीक्षाओं में भाग लेने वाले अभ्यर्थी अब हिमाचल प्रदेश विद्यालयी शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट hpbose.org पर जाकर 28 जुलाई, 2025 तक सभी विषयों की अनंतिम उत्तर कुंजी देख सकते हैं।
यदि किसी उत्तर पर आपत्ति है, तो उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत तय समय सीमा में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। बाद में आपत्तियों की समीक्षा कर अंतिम उत्तर कुंजी जारी की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (HP TET) 2025 विभिन्न विषयों के लिए जून और जुलाई महीने में राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। टीजीटी आर्ट और मेडिकल की परीक्षा 1 जून को हुई, जबकि नॉन मेडिकल और हिंदी के पेपर 8 जून को आयोजित किए गए। डी.एल.एड. (JBT) और टीजीटी संस्कृत की परीक्षा 11 जून को, विशेष शिक्षकों (प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक) की परीक्षा 14 जून को हुई। इसके अलावा, पंजाबी और उर्दू विषय की परीक्षा 12 जुलाई, 2025 को संपन्न हुई।
हिमाचल प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा जून 2025 के तहत कुल 10 विषयों की अनंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई है। इसमें टीजीटी (संस्कृत), टीजीटी (मेडिकल), टीजीटी (हिंदी), टीजीटी (जेबीटी/डी.एल.एड), टीजीटी (कला), टीजीटी (उर्दू), टीजीटी (विशेष शिक्षक कक्षा VI-XII), टीजीटी (विशेष शिक्षक कक्षा I-V), टीजीटी (पंजाबी) और टीजीटी (गैर-मेडिकल) शामिल हैं। सभी विषयों की उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
उत्तर कुंजी को लेकर यदि किसी अभ्यर्थी को कोई आपत्ति है, तो वह 28 जुलाई शाम 5 बजे तक तीन तरीकों से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। पहला, आधिकारिक ईमेल आईडी hpbosesopapersetting.43@gmail.com पर ईमेल भेजकर, दूसरा, बोर्ड कार्यालय में मैन्युअल रूप से जमा करके और तीसरा, डाक के माध्यम से भेजकर (ध्यान रहे कि डाक से भेजी गई आपत्ति निर्धारित समय तक कार्यालय में पहुंच जानी चाहिए)। सभी आपत्तियों के साथ साक्ष्य या वैध दस्तावेजों को भी संलग्न करना अनिवार्य है, ताकि दावे की प्रामाणिकता की जांच की जा सके।
