
सब्जी मंडी सोलन में टमाटर के दाम में अचानक बड़ा उछाल आया है। मंडी में टमाटर का दाम 700 रुपये प्रति क्रेट तक पहुंच गया है। इससे पहले तक स्थानीय टमाटर की क्रेट महज 300 से 400 रुपये के बीच बिक रही थी। दामों में आए दोगुने उछाल से जहां उत्पादक किसानों के चेहरे खिल गए हैं, वहीं आढ़तियों में भी हलचल तेज हो गई है।
पिछले कुछ दिनों में स्थानीय टमाटर की आवक में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंडी में अब रोजाना लगभग 200 क्रेट तक टमाटर पहुंचने लगा है। हालांकि, दामों में आई इस तेजी की मुख्य वजह बाहरी राज्यों से होने वाली सप्लाई में कमी आना माना जा रहा है। बाहरी राज्यों से सोलन सब्जी मंडी में टमाटर की आवक काफी कम हो गई है, जिसके चलते स्थानीय टमाटर की मांग और कीमत दोनों में भारी इजाफा हुआ है।
आढ़तियों के अनुसार, सोलन जिले में अभी टमाटर का सीजन पूरी तरह शुरू नहीं हुआ है। फिलहाल मंडी में केवल जिले के सिंचाई वाले क्षेत्रों से ही टमाटर पहुंच रहा है। इनमें गंबरपुल, कंडाघाट, साधुपुल, अश्वनी खड्ड, मनलोग समेत अन्य नदीपार वाले क्षेत्र शामिल है। आने वाले दिनों में जब अन्य क्षेत्रों से भी टमाटर की आवक बढ़ेगी, तब बाजार के रुख में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल, सीजन की शुरुआत में ही मिले इन बेहतर दामों से किसानों को आने वाले दिनों में अच्छे मुनाफे की उम्मीद जगी है।
मंडी समिति सोलन के सचिव राघव सूद ने बताया कि स्थानीय टमाटर की आवक शुरू हो गई है। किसानों को ग्रेड के हिसाब से टमाटर के दाम मिल रहे है। आने वाले दिनों में टमाटर के दामों में तेजी आने की भी संभावना है। सोलन सब्जी मंडी में टमाटर के दामों में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला है। मंडी में टमाटर का दाम 700 रुपये प्रति क्रेट तक पहुंच गया है। इससे पहले तक स्थानीय टमाटर की क्रेट महज 300 से 400 रुपये के बीच बिक रही थी। दामों में आए इस दोगुने उछाल से जहां उत्पादक किसानों के चेहरे खिल गए हैं, वहीं आढ़तियों में भी हलचल तेज हो गई है।
