जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में ऑक्सीजन प्लांट की सुविधा उपलब्ध करवाना स्वास्थ्य विभाग भूल गया है। सांस के मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति सिलिंडर के माध्यम से की जा रही है। बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट से मरीजों को निरंतर और पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सकती है।

ऑक्सीजन सिलिंडर एक अस्थायी व्यवस्था है जो आपूर्ति ठप होने पर गंभीर मरीजों को सांसें नहीं दिला सकता। कोविड 19 में स्थानीय अस्पताल में आक्सीजन की किल्लत के चलते संक्रमित मरीजों को मंडी और कांगड़ा के अस्पतालों में रेफर करना पड़ा था। 60 से 80 किलोमीटर दूर इन अस्पतालों में आक्सीजन हासिल करने से पहले कई गंभीर मरीजों की जान पर जोखिम भी पैदा हुआ था।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा ने कहा कि नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में आक्सीजन सिलिंडर की पुख्ता व्यवस्था है। मरीजों को पर्याप्त मात्रा में बेड पर पाइपलाइन से आपूर्ति भी हो रही है। आक्सीजन प्लांट की कवायद भी शुरू कर दी गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मरीजों को परेशानी झेलनी न पड़े।