हिमाचल प्रदेश की महिला हैंडबाल टीम ने 54वीं सीनियर राष्ट्रीय हैंडबाल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित फ्यूचर यूनिवर्सिटी में तीन अप्रैल तक होगी। हिमाचल की टीम ने प्रतियोगिता में अब तक दमदार प्रदर्शन करते हर मैच में लगभग एकतरफा जीत हासिल की।हिमाचल की टीम ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पश्चिम बंगाल को एकतरफा अंदाज में 29-6 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। इसके बाद सेमीफाइनल में भी टीम ने शानदार खेल जारी रखते हुए छत्तीसगढ़ को 32-18 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

सेमीफाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय प्रदर्शन किया। भावना और प्रियंका ने 6-6 गोल दागे, जबकि शालिनी, मिताली और गुलशन ने 4-4 गोल कर टीम को मजबूती दी। जागृति ने 2 गोल, वहीं संजना, शिवानी, मुस्कान, कृतिका, कनिष्का और दीपा ने 1-1 गोल का योगदान दिया। गोलकीपर दीक्षा और चेतना ने भी शानदार बचाव करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शिक्षा और बबीता भी टीम का हिस्सा हैं। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर एमेच्योर हैंडबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप राणा, महासचिव क्रांति सिंह, कोषाध्यक्ष प्रवीण दुबे और कोच स्नेहलता ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे प्रदेश को गर्व महसूस करवाया है और फाइनल मुकाबले में भी जीत दर्जकर खिताब अपने नाम करने की उम्मीद जताई। प्रदेश भर के खेल प्रेमियों की नजर अब फाइनल मुकाबले पर टिकी है, जहां हिमाचल की टीम से स्वर्ण पदक जीतने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

बहुतकनीकी विवि की खेलकूद स्पर्धा सात से
बहुतकनीकी महाविद्यालयों की 27वीं राज्य स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता 7 से 9 अप्रैल तक बड़ू स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर में होगी। मंत्री राजेश धर्माणी 7 अप्रैल को सुबह 10 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 17 बहुतकनीकी महाविद्यालयों के लगभग 650 विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिता की सफलता के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 

कुश्ती में मुस्कान ने रजत टेक चंद ने जीता कांस्य
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हमीरपुर के दो खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए हैं। यह प्रतियोगिता 28 मार्च से 1 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ में हुई। कुश्ती प्रतियोगिता में 76 किलोग्राम भार वर्ग में मुस्कान ने रजत पदक जीता, जबकि 87 किलोग्राम ग्रीको रोमन वर्ग में टेक चंद ने कांस्य पदक हासिल किया। नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हमीरपुर में कार्यरत परशुराम अवॉर्डी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच जॉनी चौधरी ने बताया कि दोनों खिलाड़ी पिछले चार वर्षों से लगातार प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खिलाड़ियों को बधाई दी।

गोल्ड जीतने वाली प्रियंका सम्मानित
सोलन में क्षेत्र के माजरा गांव की प्रियंका चौधरी को राष्ट्रीय स्तरीय ट्राइबल खेलो में गोल्ड मेडल जीतने पर नालागढ़ में सम्मानित किया गया। नालागढ़ के विश्राम गृह में सम्मान कार्यक्रम में प्रशासन की ओर से तहसीलदार हुसन चौधरी, ट्रक यूनियन के प्रधान विद्या रतन चौधरी, उपप्रधान सुरजीत सिंह ने प्रियंका चौधरी को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। प्रियंका ने 62 किलो वर्ग के फाइनल में असम की पहलवान को 11-0 पराजित कर गोल्ड जीता। तहसीलदार हुसन चंद चौधरी ने कहा कि छात्राएं अब किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं है। प्रियंका चौधरी के पिता शारीरिक अध्यापक अमरीक सिंह ने बताया कि प्रियंका का सपना ओलंपिक में गोल्ड जीतना है। इस मौके पर कोच विवेक ठाकुर, चौधरी लाला राम, हरबंस लाल, चौधरी राम लोक, बलविंद्र सिंह, योगेश पुरी, नरेंद्र पुरी, कोच जितेंद्र, मनप्रीत, प्रीतम राणा, संजीव राणा, भूपेंद्र सिंह राणा, सुखराम, गुरवचन सिंह, संगत, सतनाम, नौनी चौधरी ने भाग लिया।