राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक होशियार सिंह चंब्याल के खिलाफ सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। ब्यूरो ने प्रारंभिक जांच के बाद यह कार्रवाई की है। मामले में धर्मशाला स्थित सतर्कता थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

सतर्कता ब्यूरो के अनुसार, यह शिकायत पूर्व विधायक की एक कंपनी में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों की ओर से की गई थी। जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं, संबंधित लाभार्थियों, सरकारी रिकॉर्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 और 2024 के दौरान विधायक ऐच्छिक निधि योजना के तहत कुछ लोगों के नाम पर आर्थिक सहायता मंजूर की गई थी। आरोप है कि इनमें से कुछ लोगों ने सहायता राशि के लिए आवेदन ही नहीं किया था। जांच के दौरान संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।

ब्यूरो के अनुसार, कुछ कथित लाभार्थियों ने बताया कि राशि उनके बैंक खातों में पहुंचने के बाद उसे नकद निकालकर पूर्व विधायक के निर्देशानुसार सौंप दिया गया। जांच में मिले दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि सरकारी धन का उपयोग उस उद्देश्य के अनुरूप नहीं हुआ, जिसके लिए राशि स्वीकृत की गई थी।

सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने इस मामले में आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। ब्यूरो ने कहा है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

सतर्कता विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। विभाग ने कहा कि सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।