एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने हिमाचल से चरस मंगाकर चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 742 ग्राम चरस बरामद की।
डीएसपी क्राइम धीरज कुमार की देखरेख में 8 सितंबर की रात टीम ने न्यू बैरिकेट चौक पर नाका लगाकर दबिश दी। करीब 3:15 बजे एक कार को रोककर तलाशी लेने पर चार युवकों के पास से 597 ग्राम चरस बरामद हुई। इनमें मुख्य आरोपी गौरव कुमार (35) शामिल है, जो पंजाब सचिवालय में वाटर कैरियर के पद पर कार्यरत है और सेक्टर-7, चंडीगढ़ का निवासी है। बाकी तीनों आरोपी—अजय (25), अभिषेक (23) और अमित कुमार (29)—डीसी रेट पर सचिवालय में स्वीपर का काम करते हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह पूरा नेटवर्क गौरव कुमार के इशारे पर काम करता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 9 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के परवाणु से सप्लायर कुलवंत सिंह (35) को भी गिरफ्तार किया। कुलवंत सिंह से 145 ग्राम चरस बरामद हुई। वह सेब की खेती की आड़ में चरस की खेती और सप्लाई का काम करता था।
जांच में सामने आया है कि गिरोह हिमाचल से सस्ती चरस खरीदकर ट्राइसिटी में ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी खुद भी नशे के आदी हैं और लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय थे।

