सुंदरनगर ( मंडी)। नाचन क्षेत्र के टांडा, जलाह और सलवाहन क्षेत्र के किसानों से 15 लाख के टमाटर की खरीद कर व्यापारी अब भूमिगत हो गया है। व्यापारी का मोबाइल फोन स्विचऑफ आ रहा है। स्वयं को ठगा हुआ महसूस होने पर किसानों ने धनोटू पुलिस थाना में व्यापारी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।

शिकायत में मंदिर टांडा, जलाह और सलवाहन के किसानों ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के एक टमाटर व्यापारी ने करीब 15 लाख रुपये के टमाटर किसानों से खरीदे हैं। व्यापारी ने सब्जी मंडी में टमाटर बेचते ही पैसे का भुगतान करने का आश्वासन दिया था। यह व्यापारी कई सालों से क्षेत्र के किसानों से टमाटर खरीद रहा था।

किसान मनु, जितेंद्र, संजीव, राजकुमार, अभि, प्रभु, शिवराम, अनंत राम आदि ने बताया कि इस बार किसानों की आखिरी खेप को वह यह कहकर ले गया कि जल्द ही किसानों के खाते में पैसे डाल देगा। दो सप्ताह बीत जाने के बाद किसानों ने जब फोन किए तो उसने कहा कि वह जल्द आ रहा है। बार-बार व्यापारी इसी तरह का टालमटोल कर रहा था।

अब रविवार को धनोटू थाना में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रह्म दास चौहान की अगुवाई में शिकायत दर्ज करवाई। इस घटना के बाद उन छोटे किसानों को अपने पैसे की चिंता सताने लगी है जिन्होंने महज एक दो बीघे के खेत लगाकर टमाटर की खेती की है। इस बार किसान पहले ही टमाटर के अच्छे दाम न मिलने से दुखी थे। अब व्यापारी ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। व्यापारी का फोन दो-तीन दिन से स्विचऑफ आ रहा है।

मामले को लेकर शिकायत मिली है। जल्द ही टमाटर के व्यापारी को थाना में तलब किया जाएगा। व्यापारी का फोन बंद आ रहा है। फिर भी मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश की जाएगी।

-भारत भूषण, डीएसपी, सुंदरनगर