
शिमला के समरहिल स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के समीप एक युवक का शव फंदे से लटका मिला है। युवक का शव गर्ल्स हॉस्टल के समीप एक खंडहर बिल्डिंग में लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की पहचान हर्ष पाठक निवासी लक्कड़ बाजार उम्र 25 साल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हर्ष पाठक एक निजी संस्थान में सहायक प्रोफेसर के पद पर तैनात था।
कंडाघाट क्षेत्र में एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक का शव ड्यूटी के दौरान कंपनी के वॉशरूम में पड़ा मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि सिविल अस्पताल कंडाघाट से पुलिस थाना को सूचना मिली कि एक युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान अनीष नेगी (26), पुत्र रविंद्र सिंह, निवासी गांव जानी, डाकघर रामणी, तहसील निचार, किन्नौर के रूप में हुई है।
अनीष गांव डुमैहर स्थित एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत था। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया कि पहली नवंबर को अनीष रोज की तरह कंपनी में काम करने गया था। दोपहर में खाना खाने के बाद वह पेशाब करने के लिए वॉशरूम गया। जब कंपनी के अन्य कर्मचारी वॉशरूम की तरफ गए, तो उन्होंने अनीष को वॉशबेसिन के पास गिरा हुआ पाया। कंपनी स्टाफ उसे तुरंत उपचार के लिए कंडाघाट अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौका पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या खरोंच के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में मृतक के परिजनों और अन्य लोगों ने उसकी मृत्यु पर किसी प्रकार का शक नहीं जताया है। सोलन अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी ने कहा कि पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है।
