
माैसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में सोमवार अल सुबह आए अंधड़ ने कहर बरपाया है। कांगड़ा जिले में सोमवार सुबह आए अंधड़ ने खूब तबाही मचाई। नगरोटा बगवां के अंतर्गत खावा गांव में एक ट्रक पर पीपल का पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आने से चालक संजीव कुमार और एक अन्य टेक चंद की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस समेत दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पेड़ को काटकर ट्रक में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया। टांडा के गांव खोली में भी अंधड़ से रवि कुमार की गोशाला पर एक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से गोशाला को काफी नुकसान हुआ। अंधड़ कारण आम समेत अन्य फलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
उधर, जिला कुल्लू में बारिश कहर बनकर बरसी है। जिला कुल्लू के शुश के साथ लगते जंगल में अंधड़ चलने से एक विशालकाय पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से भेड़ पालक का टेंट क्षतिग्रस्त हो गया। छह बकरियों की मौत हुई है, जबकि कई घायल हैं। पेड़ गिरने की घटना में तीन भेड़ पालक बाल-बाल बच गए। इसके अलावा जिला कुल्लू की सैंज व बंजार घाटी के कई इलाकों में ओलावृष्टि होने से सेब सहित रबी की फसल को भारी नुकसान हुआ है। तीन घंटे तक हुई भारी-बारिश से जिले कुल्लू का जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। उधर, लाहौल घाटी के रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी हुई है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमाैर, कुल्लू व मंडी जिले में ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकि जिलों के लिए येलो अलर्ट है। कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। विभाग के अनुसार 19 मई को राज्य के मध्य व निचले पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तथा उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 से 23 मई के दौरान राज्य के मध्य-उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर, जबकि 23 मई को निम्न पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा। उसके बाद राज्य के कई हिस्सों में अगले 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
