
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की मोरसिघीं एसबीआई शाखा में कार्यरत व पूर्व नेवी कर्मी विपिन कुमार (47) पुत्र प्रकाश चंद, निवासी भपराल घुमारवीं, बललू गांव के पास गाड़ी के भीतर संदिग्ध हालात में मृत पाया गया। जानकारी के अनुसार, विपिन कुमार अपने परिवार सहित बललू में किराये के मकान में रहते थे। उनके पिता प्रकाश चंद ग्राम पंचायत भपराल के प्रधान हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय गाड़ी अंदर से बंद थी।
विपिन के मुंह पर मास्क लगा था और ऊपर से टेप बांधा गया था। गाड़ी के भीतर एक सिलिंडर भी मिला। ग्रामीणों ने उन्हें सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह घुमारवीं अस्पताल में रखा गया है। मृत्यु के कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। डीएसपी चंद्रपाल ने कहा कि पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
