
ऊना। जिले भर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जल शक्ति विभाग सर्किल ऊना को अब तक लगभग 77 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। भारी बारिश के कारण जिले की 10 से अधिक पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। कई स्कीमों में गाद व पानी घुसने से मशीनरी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे लोगों को पीने के पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। विभागीय टीमें बंद पड़ी योजनाओं को बहाल करने में जुटी हैं, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।बंगाणा, चिंतपूर्णी सहित पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। वहीं, हरोली क्षेत्र में भी स्कीमों में पानी घुसने और पंप हाउस में मलबा गिरने से स्थिति और बिगड़ गई है। सर्किल ऊना के अधीक्षण अभियंता नरेश चौहान ने बताया कि लगातार बारिश के चलते अब तक 77 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है और विभाग प्रभावित योजनाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। हालांकि, अगर बारिश का क्रम इसी तरह जारी रहा तो लोगों को पीने के पानी के लिए और भी मशक्कत करनी पड़ सकती है। फिलहाल प्रशासन और विभाग की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोग परेशान नजर आ रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने भी आगामी समय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
