मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने 20 और 21 जुलाई को राज्यव्यापी विशेष इंटर-स्टेट एवं इंटर-डिस्ट्रिक्ट नाका अभियान चलाया। अभियान के दौरान एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने प्रदेशभर में 159 चिन्हित स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर 12,350 वाहनों की गहन जांच की। हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज किया गया, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 350 ग्राम चरस भी बरामद की।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की गई। मोटर वाहन अधिनियम के तहत 891 चालान किए गए और 33 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं सीओटीपीए अधिनियम के तहत 237 चालान कर 7 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा माइनिंग एक्ट के तहत भी पांच चालान किए गए।

अभियान के दौरान नशे के सेवन की पुष्टि के लिए 18 व्यक्तियों के रक्त और मूत्र के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए गए, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की गिरफ्त से बचाना तथा नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना है। आधुनिक तकनीक, खुफिया सूचनाओं और अंतर-जिला समन्वय के आधार पर अभियान को अंजाम दिया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।