Oplus_131072



शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े लूटपाट का मामला सामने आया है। घटना 14 सितंबर की सुबह उस समय हुई, जब सुनो देवी अपने गांव लतयाणा से मायके कंडयाली जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, महिला जंगल के रास्ते से होकर जा रही थीं। सुबह करीब 11:45 बजे कंडयाली के पास एक युवक पीछे से उनके पास आया और कथित तौर पर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद आरोपी ने उनके दोनों कानों से सोने की बालियां निकाल लीं और सड़क की ओर भाग गया।
आंखों में मिर्च पाउडर पड़ने के बावजूद महिला ने खुद को संभाला और किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचीं। वहां मौजूद लोगों को उन्होंने घटना की जानकारी दी। लोगों ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह काफी दूर निकल चुका था।
इसके बाद घटना की सूचना नारकंडा चौकी को दी गई। महिला को उपचार के लिए नारकंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष थी। वारदात के समय उसने सफेद चेकदार कमीज और काली पैंट पहन रखी थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि युवक घटना वाली जगह पर काफी देर तक सड़क पर घूम रहा था।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।
एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ कर तथ्यों को जुटाया जा रहा है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
वहीं, शिलारू पंचायत के प्रधान रोशन ठाकुर ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी ओडी क्षेत्र में महिला के साथ इसी तरह की लूटपाट की घटना सामने आ चुकी है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है।