
शिमला। दिल्ली समेत देश के कई मैदानी शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण का असर अब हिमाचल प्रदेश के पर्यटन कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदूषित हवा से राहत पाने और कुछ समय सुकून से बिताने के लिए लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इसका सीधा असर राजधानी शिमला में देखने को मिल रहा है, जहां दिवाली के बाद पर्यटकों की आमद बढ़ गई है।
मंगलवार को बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे। मालरोड, रिज मैदान और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल कारोबारियों को भी राहत मिली है। शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी 40 से 50 फीसदी तक पहुंच गई है, जो पिछले एक सप्ताह के मुकाबले करीब 20 फीसदी अधिक बताई जा रही है।
दिल्ली का AQI 300 पार, शिमला की हवा बनी पर्यटकों की पसंद
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 के पार पहुंच गया है। वहीं हरियाणा, गुरुग्राम और कानपुर समेत कई मैदानी शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। इसके मुकाबले शिमला में दिवाली के दिन AQI 66 दर्ज किया गया था।
मैदानी इलाकों में प्रदूषण बढ़ने के कारण लोग स्वच्छ हवा की तलाश में शिमला पहुंच रहे हैं। दिल्ली से घूमने आए रमेश और मोनिका ने बताया कि दिवाली के बाद वहां धुआं काफी बढ़ गया था। त्योहार मनाने के बाद उन्होंने कुछ समय पहाड़ों में बिताने का फैसला किया।
होटलों में 50 फीसदी तक पहुंची बुकिंग, आगे भी बढ़ सकती है भीड़
होटल कारोबारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में पर्यटकों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि दिवाली के बाद शिमला में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। बीते दो दिनों में होटलों में 50 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों के लिए भी पर्यटकों ने बुकिंग करवाई है।
उन्होंने बताया कि गुजरात और पश्चिम बंगाल में छुट्टियां होने के कारण वहां से भी बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि मैदानी इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना रहा तो आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।
पर्यटकों की भीड़ से सड़कों पर लगा जाम, लिफ्ट से बैम्लोई तक वाहन रेंगते रहे
एक ओर जहां पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पर्यटन कारोबार को फायदा हो रहा है, वहीं दूसरी ओर राजधानी की यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। मंगलवार को सर्कुलर रोड पर सुबह से शाम तक वाहनों का दबाव बना रहा। लिफ्ट के पास जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि इसका असर बैम्लोई तक पहुंच गया।
छोटा शिमला से पुराने बस अड्डे की ओर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बैम्लोई से पुराने बस अड्डे तक पहुंचने में वाहन चालकों को करीब आधा घंटा लग गया।
निर्माण कार्य भी बढ़ा रहा परेशानी
लिफ्ट के पास सड़क पहले से ही संकरी है। यहां दोनों ओर से वाहनों के गुजरने में परेशानी होती है। त्योहारी सीजन में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के साथ लोक निर्माण विभाग की ओर से चल रहा पुल निर्माण कार्य भी यातायात को प्रभावित कर रहा है।
मंगलवार को सुबह से शाम तक इस हिस्से में वाहन रेंगते रहे। शाम के समय कार्यालयों से घर लौटने वाले लोगों को भी जाम में फंसना पड़ा।
कुल मिलाकर, मैदानी शहरों में बढ़ते प्रदूषण ने शिमला के पर्यटन कारोबार को रफ्तार दी है, लेकिन पर्यटकों की बढ़ती भीड़ और निर्माण कार्य के चलते राजधानी की यातायात व्यवस्था के सामने नई चुनौती भी खड़ी हो गई है।
