
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 14 दिसंबर को होने वाले टी-20 मुकाबले में इस बार टीम इंडिया युवा ब्रिगेड के दम पर मैदान में उतरेगी। टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली टी-20 से संन्यास लेने के कारण इस मैच में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन अनुमान है कि इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।
धर्मशाला में रोहित शर्मा के नाम 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 मैच में 106 रन की शानदार पारी का रिकॉर्ड है। वहीं विराट कोहली ने यहां केवल आईपीएल मुकाबले खेले हैं। दोनों के न आने से प्रशंसकों को भले ही निराशा होगी, लेकिन युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन से उनकी कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि 14 दिसंबर को धर्मशाला में मैच की तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि टीम की घोषणा के बाद ही पता चलेगा कि कौन-कौन खिलाड़ी धर्मशाला आएंगे। संन्यास के कारण रोहित और विराट इस बार धर्मशाला में नहीं दिखेंगे। परमार ने कहा कि मुकाबले की तैयारियां जोरों पर है। किसी तरह की कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
