
बिलासपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बिलासपुर दौरे के दौरान हिमाचली संस्कृति और स्थानीय परंपरा से जुड़ा एक खास उपहार भेंट किया जाएगा। यह उपहार मंडी शैली में तैयार किया गया रणसिंगा है, जिसे विशेष रूप से तैयार किया गया है।
इस रणसिंगा को खास बनाने वाली बात यह है कि इस पर एम्स बिलासपुर का लोगो भी अंकित किया गया है। पारंपरिक वाद्ययंत्र को आधुनिक संस्थान की पहचान के साथ जोड़ते हुए इसे राष्ट्रपति के लिए स्मृति-चिह्न के रूप में तैयार किया गया है।
रणसिंगा हिमाचल की पारंपरिक संस्कृति और लोक वाद्य परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण वाद्ययंत्र माना जाता है। मंडी शैली में तैयार किए गए इस रणसिंगे के जरिए हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रपति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस खास भेंट में एक ओर जहां मंडी की पारंपरिक कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, वहीं दूसरी ओर एम्स बिलासपुर की पहचान भी इससे जुड़ी होगी। यही वजह है कि राष्ट्रपति को भेंट किए जाने वाले इस रणसिंगे को लेकर खास उत्सुकता बनी हुई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को यह विशेष स्मृति-चिह्न भेंट किया जाना बिलासपुर और हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान के लिए भी खास अवसर माना जा रहा है।
