शिमला। राजधानी शिमला में नगर निगम की मासिक बैठक में शहरवासियों, कारोबारियों, युवाओं और निगम कर्मचारियों के हित में कई अहम फैसले लिए गए हैं। महापौर सुरेंद्र चौहान और उपमहापौर उमा कौशल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में दुकानों के किराये में राहत देने, सात नए खेल मैदान बनाने और कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

दुकानदारों को किराये में मिलेगी बड़ी राहत

नगर निगम के आजीविका भवन में बनी 200 से अधिक दुकानों के किराये में बढ़ोतरी के नियम में बदलाव किया गया है। अब दुकानों का किराया हर साल बढ़ाने के बजाय पांच साल बाद 10 फीसदी बढ़ाया जाएगा। इससे यहां कारोबार कर रहे सैकड़ों दुकानदारों को राहत मिलेगी।

2.20 करोड़ से बनेंगे सात नए खेल मैदान

शहर के युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम सात नए खेल मैदान तैयार करेगा। सदन ने इसके लिए 2.20 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

ये खेल मैदान सांगटी, ढली, फागली, बीरखाना-कनलोग, टुटीकंडी, सेक्टर-3 न्यू शिमला और घाटड़ू विकासनगर में बनाए जाएंगे। इनके निर्माण पर अलग-अलग राशि खर्च की जाएगी। महापौर ने अन्य वार्डों के पार्षदों से भी खेल मैदानों के लिए प्रस्ताव मांगे हैं।

कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा महंगाई भत्ता

नगर निगम के कर्मचारियों को पांच फीसदी महंगाई भत्ता (डीए) देने के प्रस्ताव को भी सदन ने मंजूरी दे दी है। इसके अलावा पेंशनरों का महंगाई भत्ता 45 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी करने का फैसला लिया गया है। इससे निगम पर हर साल करीब 34 लाख रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

दिवाली पर कर्मचारियों को 30 हजार रुपये एडवांस ऋण

नगर निगम कर्मचारियों को दिवाली के अवसर पर 30 हजार रुपये तक एडवांस ऋण लेने की सुविधा भी दी जाएगी। इस राशि की बाद में कर्मचारियों के वेतन से किस्तों में कटौती की जाएगी।

कैथू में बनेंगी नई दुकानें, सड़कों की भी होगी मरम्मत

नगर निगम अपनी खाली पड़ी जमीनों का व्यावसायिक इस्तेमाल कर आय बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसी कड़ी में कैथू में खाली जमीन पर दुकानें बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

इसके अलावा नेगी हाउस से कसोट तक 18.05 लाख रुपये की लागत से एंबुलेंस सड़क बनाने और मज्याठ में हैंडपंप से स्कूल तक सड़क की 24.58 लाख रुपये से मरम्मत करने को मंजूरी दी गई है।

न्यू शिमला-रझाणा सड़क की खराब हालत को देखते हुए इसका एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं, लोकल बस स्टैंड के नए परिसर में दुकानों और गोदामों का आवंटन किया जाएगा।

नगर निगम की इस बैठक में लिए गए फैसलों से शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार, कारोबारियों को राहत और कर्मचारियों के आर्थिक लाभ से जुड़े कई काम आगे बढ़ेंगे।