हिमाचल प्रदेश की राजधानी में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और भूस्खलन होने से व्यापक नुकसान हुआ है। शहर में 20 से ज्यादा पेड़ गिर गए हैं। इससे सड़कें बंद हो गईं। कई जगह गाड़ियां भी मलबे में दब गईं।  भारी बारिश से रात को खलीनी में मिस्ट चैंबर के पास सड़क पर पेड़ गिर गया जिससे वाहनों की आवाजाही ठप रही।

शहर में नाले भी उफान पर हैं।  वहीं झंझीड़ी में हरि नंद कॉलोनी में सुखराम शर्मा के घर पर देवदार का सूखा पेड़ गिर गया। 1 वर्ष पहले पेड़ काटने के लिए आवेदन किया था, लेकिन आज तक मंजूरी नहीं मिली। इससे पेड़ गिर गया। यहां दो से तीन और सूखे पेड़ गिरने की कगार पर हैं। लोगों ने इन पेड़ों को हटाने की मांग उठाई है। 

भारी बारिश से बड़ी मात्रा में गाद आने के कारण रात से ही शिमला शहर की पेयजल परियोजनाओं को बंद करना पड़ा है। इसके चलते अगले दो दिन शिमला में पानी की आपूर्ति ठप रहने के आसार हैं। चाबा परियोजना में बड़ी मात्रा में गाद भर गई है। 

शहर के अप्पर ढली में भी भूस्खलन हुआ है। इसके साथ ही कनलोग में भी खलीनी-टुटीकंडी बाइपास पर भूस्खलन हुआ है। मुख्यमंत्री आवास ओकओवर के पास भी देवदार का पेड़ गिरा है। रात को बेनमोर वार्ड के राजभवन क्षेत्र के पास भी पेड़ गिरा। 

मज्याठ में भी भूस्खलन हुआ है। विकासनगर में पेड़ गिरने से एक मकान को नुकसान पहुंचा है। पंथाघाटी क्षेत्र में भूस्खलन से एक मकान को खतरा पैदा हो गया है। आईजीएमसी अस्पताल के पास नाले का मलबा और पानी सड़क पर आ गया। इसमें भी एक गाड़ी मलबे में दब गईं।

सड़क पर आवाजाही भी ठप हो गई।  लगातार जारी बारिश व भूस्खलन को देखते हुए  शिमला जिले के उपमंडल जुब्बल के सभी शिक्षण संस्थान आज बंद रखने का फैसला लिया गया है। 

शहर के ढली क्षेत्र में भूस्खलन से सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। एक गाड़ी मलबे के साथ पहाड़ी से नीचे लुढ़क गई। हालांकि किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। 

शहर में जगह जगह भूस्खलन से 20 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई है। दो घरों को खतरा पैदा हो गया है। एक मकान की छत टूटी है। भट्टाकुफर सुरंग मार्ग के पास भी भूस्खलन हुआ है। 

जगह-जगह भूस्खलन से शहर में यातायात सुबह बुरी तरह प्रभावित रहा। शिल्ली चाैक के पास भी भूस्खलन हुआ है। देवनगर में सीआईडी कार्यालय के नजदीक सड़क किनारे पार्क कार भूस्खलन से मलबे में दब गई। 

मंढोर-पल्यार मार्ग पर जुनी गांव के पास एक ट्रक खराब माैसम के चलते सड़क से नीचे गिर गया। हादसे के दाैरान ट्रक में चालक सहित दो लोग माैजूद थे। दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक संजाैली के बंगाला कॉलोनी निवासी सुरेंद्र कुमार, पुत्र तितरू राम का बताया जा रहा है। 

चमियाना अस्पताल सड़क पर भूस्खलन हुआ है। इससे लोगों को भूस्खलन वाले स्थान से पैदल मलबे के बीच अस्पताल पहुंचना पड़ा। रामपुर के खोल्टी नाला के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई है। मृतक युवती की पहचान मीरा(20)पुत्री मीर हमजा के रूप में हुई है।