हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज स्थित चुगलाखांग मठ में रहने वाले तिब्बती आध्यात्मिक नेता और 14वें दलाई लामा की सुरक्षा व्यवस्था में अब नए स्निफर डॉग ‘नीमा’ को शामिल किया गया है। बीएसएफ की ओर से प्रशिक्षित यह स्निफर डॉग अब तक तैनात ओलिव की जगह जिम्मेदारी संभालेगा। 2017 में जन्मे ओलिव की उम्र आठ वर्ष हो चुकी है। इसके चलते उससे सात साल तक सेवाएं लेने के बाद अब सुरक्षा ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है।

दलाई लामा को पैरामिलिट्री फोर्स की जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश पुलिस के जवान भी लगातार सुरक्षा में तैनात रहते हैं। मठ परिसर की रोजाना गहन जांच की जाती है। निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार दलाई लामा की ऑडियंस आयोजित होती है। इसमें देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों को जांच और पंजीकरण प्रक्रिया के बाद ही प्रवेश दिया जाता है। समय-समय पर दलाई लामा की शिक्षाओं पर भी कार्यक्रम करवाया जाता है। सेवामुक्त होने के बाद अब ओलिव की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक व्यक्ति इसे खरीद सकता है।