जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन की प्रमुख मुस्लिम संस्था अंजुमन इस्लामिया’ ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। संस्था ने इस संबंध में उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) नाहन के माध्यम से सरकार को एक प्रार्थना पत्र भेजा है।

मुस्लिम समुदाय का कहना है कि वे गाय को राष्ट्रीय गौरव के रूप में देखते हैं और इसे राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। अंजुमन इस्लामिया के प्रधान गुलमन्नवर अहमद की ओर से सौंपे गए इस पत्र में मांग की गई है कि देशभर में चल रहे बूचड़खानों (कत्लखानों) को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाना चाहिए।

संस्था ने तर्क दिया है कि इससे न केवल पशु क्रूरता रुकेगी, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा। पत्र में आवारा पशुओं की समस्या और उनके साथ होने वाली दुर्घटनाओं पर भी गहरी चिंता जताई गई है। संस्था ने कहा कि जो लोग अपने पशुओं को सड़कों पर बेसहारा छोड़ देते हैं, वे उनके साथ हो रहे हादसों के जिम्मेदार हैं। ऐसे मालिकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि सड़कों पर दुर्घटनाओं में मर रहे बेगुनाह पशुओं और घायल हो रहे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस पत्र की प्रतियां प्रदेश के मुख्यमंत्री और उपायुक्त सिरमौर को भी भेजी गई हैं। इस मौके पर कैप्टन सलीम अहमद, मुबारिक अली, मुमताज खान, मोबीन, इसरार खान, जही अंसारी भी मौजूद रहे।