
मंडी। जिला मंडी में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा और सड़क दुर्घटना के कारण प्रभावित लोगों को राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर अब तक 4.23 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि घरों, निजी संपत्ति और पशुधन को हुए नुकसान तथा जानी नुकसान के प्रति आपदा प्रभावित 1085 मामलों में स्वीकृत गई है। इसके अलावा आपदा में प्रभावित परिवारों को अब तक लगभग 62 लाख रुपये की फौरी राहत राशि वितरित की गई थी।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि उपमंडल थुनाग में सर्वाधिक क्षति हुई है, जहां पर लगभग 46 लाख रुपये की फौरी राहत राशि वितरित की गई है। जानी नुकसान, निजी संपत्ति और पशुधन को हुए नुकसान के लिए 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के मामलों को अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ, होमगार्ड, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय भागीदारी से राहत एवं पुनर्वास कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावितों के लिए 18 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 386 व्यक्तियों ने आश्रय लिया है। प्रदेश सरकार की ओर से आपदा में बेघर हुए लोगों को छह माह तक मकान किराये के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पांच हजार रुपये तथा शहरी क्षेत्रों में 10 हजार रुपये प्रति माह की घोषणा की गई है। इसके तहत जिले में 22 लाख रुपये एसडीएम को जारी किए गए हैं।
