
धर्मशाला। जिले में लगातार भारी बारिश से प्रदेश में कई सड़कें बंद हो गई हैं। इससे बुधवार को एचआरटीसी मंडल धर्मशाला के तहत चंबा डिपो के अलावा 88 रूट प्रभावित हुए हैं। इसमें 47 रूट रद्द रहे, पांच रूट बाधित और 36 रूटों पर बसों को आधे रास्ते तक ही भेजा गया। एचआरटीसी मंडल धर्मशाला के डीएम पंकज चड्ढा ने बताया कि डिपो धर्मशाला के तहत 21 रूट रद्द किए गए हैं। नगरोटा बगवां के तहत चार रूट रद्द, तीन रूट बाधित और 15 रूटों पर बसों को आधे रास्ते तक ही भेजा गया। पालमपुर के तहत दो रूट रद्द रहे। पठानकोट के तहत 10 रूट रद्द, दो बाधित और पांच रूटों पर बसों को आधे सफर तक ही भेजा गया। वहीं, बैजनाथ के तहत नौ रूट रद्द रहे। इसके अलावा जोगिंद्रनगर डिपो के तहत एक रूट रद्द और 16 रूटों पर बसों को आधे रास्ते तक ही भेजा गया। रूट रद्द होने से परिवहन निगम को लाखों का नुकसान हुआ है। एचआरटीसी मंडल के तहत कुल 778 रूटों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें बड़े और छोटे रूट शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक उपमंडल पालमपुर के तहत एक कच्चे मकान और एक गोशाला को क्षति पहुंची है। धीरा के तहत गांधी राम निवासी चंबी और सुरेश कुमार निवासी टंबर के मकान पूरी तरह से जमींदोज हो गए। इसके अलावा पांच अन्य कच्चे घरों और तीन गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है। वहीं, धर्मशाला के तहत कर्म चंद निवासी घियाणा का कच्चा मकान पूरी तरह से ढह गया, जबकि तीन गोशालाओं को क्षति पहुंची है।
उपमंडल जवाली के तहत एक भैंस की मौत हो गई। सात घरों और नौ गोशालाओं को क्षति पहुंची है। नगरोटा बगवां के तहत पांच कच्चे घरों और 12 गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है। कांगड़ा उपमंडल के तहत 19 गोशालाओं और सात कच्चे घरों को नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग की ओर से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा तक नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है।
भूस्खलन और भारी बारिश के चलते जिले में 65 सड़कें बंद हैं। इसमें उपमंडल धर्मशाला के तहत छह, नगरोटा बगवां के तहत चार, शाहुपर के तहत 13, नूरपुर के तहत छह और इंदौरा के तहत छह सड़कें बंद हैं। इसके अलावा पालमपुर के तहत 11, देहरा के तहत दो, जयसिंहपुर के तहत दो, ज्वालामुखी की चार, जवाली की दो और फतेहपुर की नौ सड़कें बंद हैं। इस कारण लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है।
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। अभी भी कई घरों और गोशालाओं के क्षतिग्रस्त होने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटों में जिला कांगड़ा में तीन कच्चे मकान जमींदोज हो गए जबकि 26 अन्य मकानों और 46 गोशालाओं को क्षति पहुंची है। इसके करीब 27.88 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। यह जानकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली है।
