नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। सीनियर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा बगवां में पूर्व मंत्री जीएस बाली की जयंती पर मेगा मेडिकल कैंप की ओपीडी में 7,000 लोगों ने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इनमें 3700 लोगों की आंखें खराब निकली और उन्हें चश्मे बांटे गए। 307 रोगियों को कान की मशीनें बांटी गईं। इस दौरान 50 के करीब विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान की। मेडिकल कैंप में निशुल्क दवाइयों के साथ मेडिकल टेस्ट की सुविधा भी निशुल्क प्रदान की गई। इसके अलावा रोगियों के लिए खानपान भी व्यवस्था भी की गई और दूरदराज के क्षेत्रों से लोगों को आने जाने के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई थी। इसके अतिरिक्त राज्य के 50 दृष्टिबाधित बच्चों को स्मार्ट केन, मोबाइल फोन और घड़ियां भी तकनीकी शिक्षा मंत्री के माध्यम से वितरित करवाई गईं।

बाल मेले के समापन पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विस क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के लिए चरणबद्ध तरीके से चिल्ड्रन पार्क और खेल मैदान निर्मित किए जाएंगे, ताकि युवाओं और बच्चों को खेलने के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। इसके साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी कारगर कदम उठाए जाएंगे।