
प्रदेश सरकार की ओर से पर्यटन विकास निगम मुख्यालय के बाद सशस्त्र पुलिस और प्रशिक्षण शाखा शिमला भी कांगड़ा स्थानांतरित कर दी गई है। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने इसे लेकर आदेश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से शिमला शहर में भीड़भाड़ कम करने के निर्देशों की अनुपालना यह आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय से संचालित किए जा रही सशस्त्र पुलिस और प्रशिक्षण शाखा का संचालन अब पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह जिला कांगड़ा से होगा। इस शाखा पर पुलिस कर्मियों की तैनाती और प्रशिक्षण का जिम्मा रहता है।
राज्य विद्युत विनियामक आयोग के सदस्य विधि यशवंत सिंह चोगल को आयोग के अध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। ऊर्जा सचिव राकेश कंवर की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी की गई है। विगत 19 जुलाई को राज्य विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष पद से डीके शर्मा सेवानिवृत्त हुए हैं। करीब पांच वर्ष तक डीके शर्मा आयोग के अध्यक्ष पद पर रहे।19 जुलाई को 65 वर्ष की आयु पूरी होने पर डीके शर्मा को आयोग कार्यालय में फेयरवेल दी गई।
