शिमला। राजधानी शिमला में टैक्सी से सफर करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। शहर में अब तीन और जगहों पर प्रीपेड टैक्सी बूथ शुरू किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इसका मकसद यात्रियों को सुरक्षित सफर के साथ तय किराये पर टैक्सी सुविधा उपलब्ध कराना है।


प्रस्ताव के तहत ऑकलैंड टनल के पास स्मार्ट सिटी पार्किंग, लिफ्ट और संजौली पार्किंग के समीप प्रीपेड टैक्सी बूथ स्थापित किए जाने हैं। तीनों स्थानों का संबंधित विभागों के अधिकारियों की टीम संयुक्त निरीक्षण कर चुकी है और जगहों को बूथ के लिए उपयुक्त पाया गया है।


29 अगस्त को हुई नगर निगम सदन की बैठक में भी प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अब संबंधित विभागों से अनुमति, अनापत्ति प्रमाण पत्र, राजस्व सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं। इसके बाद बूथ निर्माण और सेवा शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।


रात के समय भी यात्रियों को मिलेगी राहत
नए प्रीपेड बूथ शुरू होने से खासकर रात के समय टैक्सी की तलाश में परेशान होने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को टैक्सी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। साथ ही मनमाना किराया वसूलने और यात्रियों से अधिक पैसे लेने की शिकायतों पर भी लगाम लग सकती है।


शिमला में पहला प्रीपेड टैक्सी बूथ आईएसबीटी में 10 मार्च को शुरू किया गया था। इसके बाद शहर के अन्य हिस्सों में भी ऐसी सुविधा शुरू करने की मांग उठती रही है।


सरकारी दरों पर टैक्सी चलाने को तैयार यूनियन
कॉमर्शियल व्हीकल जॉइंट एक्शन कमेटी हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष राजिंद्र ठाकुर ने तीन नए बूथों की तैयारी पर मुख्यमंत्री, नगर निगम और जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस के सहयोग से प्रीपेड टैक्सी व्यवस्था यात्रियों को सुरक्षित सफर देने के साथ किराये में एकरूपता लाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।


उन्होंने बताया कि शहर की अलग-अलग टैक्सी यूनियनें इस व्यवस्था में सहयोग करेंगी और परिवहन विभाग की ओर से निर्धारित एवं अनुमोदित किराया दरों पर सेवाएं देने को तैयार हैं।


पहले से 26 क्षेत्रों के लिए उपलब्ध है सुविधा
आईएसबीटी के प्रीपेड टैक्सी बूथ से शिमला शहर और आसपास के 26 स्टेशनों के लिए निर्धारित किराये पर टैक्सी सुविधा उपलब्ध है। इनमें कुफरी, नारकंडा और चायल समेत जिला शिमला के कई प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल हैं।


इसके अलावा चंडीगढ़ एयरपोर्ट, चंडीगढ़ और पीजीआई चंडीगढ़ के लिए भी नियंत्रित किराये पर टैक्सी सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। नए बूथ शुरू होने के बाद यात्रियों को इन गंतव्यों के लिए भी सुविधा मिलने की तैयारी है।


कैसे काम करता है प्रीपेड टैक्सी बूथ?
प्रीपेड बूथ पर यात्री पहले अपना गंतव्य बताता है और निर्धारित किराया जमा करता है। इसके बाद उसे एक कूपन दिया जाता है। गंतव्य तक पहुंचने के बाद यात्री कूपन पर हस्ताक्षर करता है और चालक उसे वापस बूथ के काउंटर पर जमा करवाता है।


इस व्यवस्था में सफर के दौरान यात्री को अतिरिक्त किराया देने की जरूरत नहीं होती। वहीं, वाहन और चालक से जुड़ी जानकारी व दस्तावेज पुलिस के पास उपलब्ध रहते हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ने और किराये को लेकर विवाद कम होने की उम्मीद है।