
थुनाग (मंडी)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 12 अगस्त को सराज क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। यह दौरा आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने और जन शिकायतें सुनने के लिए आयोजित किया गया है।
शिक्षा मंत्री 11 बजे थुनाग पहुंचेंगे, जहां वह निहरी सुनाह स्कूल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद राजकीय डिग्री कॉलेज लंबाथाच और राजकीय प्राथमिक विद्यालय भेखली, जंजैहली का दौरा करेंगे। मंत्री मंडी जिले में प्राकृतिक आपदा के कारण शिक्षा विभाग को हुए नुकसान की समीक्षा बैठक करेंगे। सराज क्षेत्र के सुराह, भेखली, रेशन, भलवाड़, गुड़ाह, बिलागाड़, मझाखल, निहरी सुनाह, लांबशाफड़ सहित एक दर्जन से अधिक स्कूल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं।
जिले में 184 प्राइमरी, मिडल समेत बारहवीं तक के 297 स्कूलों को प्राकृतिक आपदा में नुकसान पहुंचा है। कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी ने बताया कि सराज क्षेत्र में आपदा ने शिक्षा व्यवस्था को गहरी चोट पहुंचाई है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 11 अगस्त को शिमला से सायं 4 बजे सुंदरनगर के लिए रवाना होंगे और शाम 7 बजे सुंदरनगर पहुंचेंगे। रात्रि प्रवास वहीं होगा। 12 अगस्त को शिक्षा मंत्री सुबह सुंदरनगर से थुनाग के लिए प्रस्थान करेंगे और पूर्वाह्न 11 बजे थुनाग पहुंचेंगे। संवाद
