
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक हैरान करने वाला हादसा सामने आया है। घर में सफेदी करने के लिए चूने में पानी मिलाना एक महिला को भारी पड़ गया। चूने में पानी डालने के कुछ देर बाद अचानक जोरदार धमाका हुआ और गर्म चूने का मिश्रण उछलकर महिला के चेहरे पर जा गिरा। हादसे में महिला का चेहरा, दोनों आंखें और हाथ झुलस गए। घायल महिला को तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना जिला मुख्यालय नाहन के जरजा क्षेत्र की है। यहां रहने वाली सविता देवी के पति स्थानीय बाजार से चूना खरीदकर घर लाए थे। शाम के समय सविता देवी ने एक बाल्टी में चूना डालकर उसमें पानी मिलाया। कुछ ही देर में बाल्टी के अंदर बुलबुले उठने लगे। जब बुलबुले शांत हो गए तो महिला ने इसे सामान्य प्रक्रिया समझा।
लेकिन करीब चार से पांच मिनट बाद अचानक बाल्टी में जोरदार धमाका हुआ। इसके साथ ही गर्म चूने का मिश्रण उछलकर सीधे महिला के चेहरे पर जा गिरा। गर्म मिश्रण से उनका चेहरा, आंखें और हाथ झुलस गए। दर्द और घबराहट के कारण महिला नीचे गिर पड़ी।
मेडिकल कॉलेज नाहन में चल रहा इलाज
हादसे के तुरंत बाद परिजन महिला को डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन ले गए। वहां उन्हें आपातकालीन उपचार के बाद भर्ती किया गया। मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग की एचओडी डॉ. शालू गुप्ता ने महिला की जांच की। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से महिला की हालत अब खतरे से बाहर है, हालांकि चेहरे और आंखों पर चोट के कारण उनका विशेष उपचार किया जा रहा है।
इसी क्षेत्र में एक अन्य 60 वर्षीय व्यक्ति राजेंद्र की आंखों को भी चूने के कारण नुकसान पहुंचने की सूचना सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से सफेदी का काम करते हैं।
चूने में पानी मिलाते समय बरतें सावधानी
इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेणु चौहान ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि चूने में पानी मिलाने पर तेज रासायनिक प्रतिक्रिया होती है, जिससे काफी गर्मी पैदा होती है। इस दौरान मिश्रण उबल सकता है और गर्म छींटे त्वचा व आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने लोगों से सफाई और सफेदी जैसे घरेलू काम करते समय सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
