हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बहराइच की रहने वाली एक महिला को उसका पति घूमाने के बहाने सोलन लेकर आया, जहां पहले से रची गई साजिश के तहत उसकी हत्या करने की कोशिश की गई।पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दलीप कुमार का अपनी पत्नी मोनिका के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने सगे भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर योजना बनाई। तीनों महिला को सोलन के एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके गले पर चाकू से हमला किया और फिर उसे करीब 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया।

घटना के दौरान बड़ोग निवासी नरेश कुमार अपनी गाड़ी से गुजर रहे थे। उन्हें तीन युवकों की हरकत संदिग्ध लगी तो उन्होंने तुरंत गाड़ी मोड़कर मौके पर पहुंचने की कोशिश की। इसी बीच आरोपी महिला को खाई में धक्का देकर वहां से भाग निकले। नरेश कुमार ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह झाड़ियों से निकलकर सड़क तक पहुंच गई, जहां से उसे तुरंत सिविल अस्पताल सोलन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से खून के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

You missed