माैसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई है। शिमला में सुबह से रुक-रुककर भारी बारिश जारी रही। इससे शहर में जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया। नाले उफान पर आ गए। कई जगह सड़कों व पैदल रास्तों पर मलबा जमा हो गया है। भारी बारिश के तेज हवाओं के चलते विद्यार्थियों, कर्मचारियों व अन्य लोगों को गंतत्व तक पहुंचने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा।  धर्मशाला में भी सुबह भारी बारिश हुई और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि दर्ज की गई।

उधर, प्रदेश की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। लाहौल घाटी में हुई ताजा बर्फबारी से सौंदर्य निखर गया है। रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम और बारालाचा में बर्फ गिरी है। जिससे घाटी के तापमान में भारी गिरावट आई है।

ऊना जिले में गुरुवार देर रात रात मौसम ने अचानक से करवट बदली है। इस दौरान जिले के कई स्थानों पर अंधड़ के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार सुबह से ही जिले भर में अंधड़ चला।  सोलन जिले में सुबह करीब 7:00 बजे से बारिश शुरू हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया है। बारिश के चलते सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को आई। सुबह अभिभावकों को बच्चे बारिश में स्कूल छोड़ने पड़े। हालांकि, इससे किसानों और बागवानों को राहत मिली है। नकदी फसलों के लिए बारिश की जरूरत थी।