
हिमाचल प्रदेश में दूसरे दिन भी बारिश का दाैर जारी है। चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई है। राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इससे माैसम में ठंडक लाैट आई है। उधर, रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची चोटियों में रुक-रुककर हल्की बर्फबारी हो रही है। कुल्लू व लाहौल घाटी में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। गर्मी से लोगों को राहत मिली है। वहीं वीकेंड में कुल्लू-मनाली पहुंचे हजारों सैनालियों ने भी सुहावने मौसम का आानंद लिया। पर्यटक रोहतांग दर्रा के साथ शिंकुला दर्रा व बारालाचा का रुख कर रहे हैं। जिले के होटलों की ऑक्यूपेंसी 90 फीसदी के पार चल रही है।
उधर, ऊना जिले के गगरेट विधानसभा क्षेत्र में शनिवार सुबह अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सुबह से लगातार हो रही वर्षा के चलते गगरेट-दौलतपुर मुख्य मार्ग पर पड़ने वाली दियोली खड्ड अचानक उफान पर आ गई। देखते ही देखते खड्ड ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसका तेज बहाव राहगीरों के लिए खतरे की घंटी बन गया। दियोली खड्ड का रौद्र रूप देखकर सड़क से गुजर रहे छोटे-बड़े वाहनों के पहिए थम गए। वाहन चालक खड्ड के किनारे खड़े होकर पानी के कम होने का इंतजार करते नजर आए। इसी दौरान एक बाइक सवार ने जान जोखिम में डालते हुए उफनती खड्ड को पार करने की कोशिश कर दी। लेकिन बीच रास्ते में पहुंचते ही पानी का तेज बहाव उसकी बाइक पर भारी पड़ गया और वह खड्ड के बीचोंबीच फंस गया।
कुछ ही क्षणों में स्थिति बेहद गंभीर हो गई और बाइक सवार की जान पर बन आई। मौके पर मौजूद लोग असहाय होकर यह दृश्य देखते रहे। तभी वहां खड़े एक साहसी युवक ने बिना अपनी जान की परवाह किए मानवता और बहादुरी का परिचय दिया। युवक तुरंत खड्ड में उतरा और तेज बहाव से जूझते हुए बाइक सवार तक पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद उसने बाइक सवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक की सूझबूझ और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते युवक मदद के लिए आगे नहीं आता तो पानी के तेज बहाव में फंसे बाइक सवार की जान भी जा सकती थी। युवक की इस बहादुरी की पूरे गगरेट क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है और लोग उसे एक सच्चा नायक बता रहे हैं।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 30 मई को राज्य के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। आज शिमला, मंडी, सोलन व सिरमाैर जिले के लिए अंधड़, ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कल के लिए सभी जिलों में येलो अलर्ट है। वहीं 31 मई 5 जून को राज्य की कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 1 से 4 जून तक राज्य की कुछ अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस गिरेगा। इसके बाद कई हिस्सों में धीरे-धीरे 3-6 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दाैरान पंडोह में 37.4, नयना देवी 34.6, गुलेर 25.8, कांगड़ा 20.5, सुंदरनगर 20.3, गोहर और बग्गी 20.0, मुरारी देवी 19.0, सुन्नी 18.2, जटाैन बैराज 18.0, ऊना 16.2, जोत 15.4, सराहन 15.3, देहरा गोपीपुर 15.2 व कोटखाई में 13.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 11.5, सुंदरनगर 16.4, भुंतर 15.1, कल्पा 6.2, धर्मशाला 17.8, ऊना 20.0, नाहन 17.0, केलांग 5.8, पालमपुर 17.0, सोलन 14.0, मनाली 10.8, कांगड़ा 17.0, मंडी 17.5, बिलासपुर 19.0, जुब्बड़हट्टी 14.5, कुफरी 8.4, कुकुमसेरी 3.9, भरमाैर 12.0, सेऊबाग 12.2, बरठीं 18.6, पांवटा साहिब 23.0, देहरा गोपीपुर 21.0, ताबो 8.0 व नेरी में 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
