शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला (IMD) ने 28 से 31 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश को देखते हुए भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं 28, 29, 30 और 31 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 1 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।विभाग के अनुसार शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा, चंबा, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, सड़कों पर जलभराव, नदियों-नालों के उफान और फिसलन के चलते सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। सोलन जिले के कंडाघाट में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नालागढ़ में 5 सेंटीमीटर, जबकि राजगढ़, काहू, कोठी और संगड़ाह में 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

👉 पूरी खबर के लिए जुड़े रहें। मौसम से जुड़ी हर बड़ी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे साथ बने रहें।