
हिमाचल में ठंड का असर तेज, ताबो में माइनस 4.6 डिग्री पहुंचा तापमान
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद ठंड का असर लगातार बढ़ने लगा है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में रातें बेहद सर्द हो रही हैं। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुकुमसेरी में पारा माइनस 2.4 डिग्री तक पहुंच गया।
केलांग में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री और कल्पा में 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कई इलाकों में रात के तापमान में गिरावट जारी है। वहीं, मंडी और बिलासपुर के कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाने लगा है।
मैदानी इलाकों में धूप, ऊना सबसे गर्म
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां ठंड बढ़ रही है, वहीं मैदानी इलाकों में दिन के समय धूप से गर्माहट बनी हुई है। रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में 27, कांगड़ा में 24.7, नाहन और मंडी में 24 डिग्री तापमान रहा।
राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 17.1, मनाली में 17, कल्पा में 16.5 और ताबो में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नवंबर में सामान्य से 70 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 से 22 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 70 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य वर्षा 10.6 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 3.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में इस दौरान बारिश नहीं हुई। कांगड़ा में 0.1 मिलीमीटर, मंडी में 0.2, सोलन में 0.5, कुल्लू में 0.6 और शिमला में 1.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
28 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 28 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है।
मौसम साफ रहने के बावजूद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।
