
शिमला। हिमाचल प्रदेश में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना के सुचारू संचालन के लिए सरकार ने 1,351 कर्मचारियों के पद स्वीकृत किए हैं। ग्रामीण विकास विभाग ने इन कर्मचारियों की नियुक्ति, तैनाती, स्थानांतरण और सेवा शर्तों को लेकर नई व्यवस्था निर्धारित कर दी है। यह व्यवस्था मनरेगा के स्थान पर लागू हुई नई योजना के तहत की गई है।
स्वीकृत पदों में 1,205 ग्राम रोजगार सेवक, 123 कंप्यूटर ऑपरेटर और 23 कनिष्ठ लेखाकार शामिल हैं। इन कर्मचारियों को विकास खंडों, जिला कार्यालयों और राज्य मुख्यालय स्तर पर तैनात किया जाएगा। कर्मचारियों की तैनाती का अधिकार वीबी-जी राम जी के कमिश्नर को दिया गया है।
तीन पंचायतों का बनाया जाएगा समूह
नई व्यवस्था के तहत ग्राम रोजगार सेवकों के कार्यक्षेत्र के निर्धारण के लिए तीन पंचायतों का एक समूह बनाया जाएगा। प्रत्येक समूह का एक निर्धारित मुख्यालय होगा। वहीं, ग्राम रोजगार सेवकों का स्थानांतरण जिला स्तर तक सीमित रहेगा। कंप्यूटर ऑपरेटर और कनिष्ठ लेखाकार का तबादला पूरे प्रदेश में किया जा सकेगा।
महिला कर्मचारियों के विवाह के बाद रिक्त पद उपलब्ध होने और चिकित्सा प्रमाणपत्र के आधार पर भी स्थानांतरण का प्रावधान रखा गया है। तबादले के बाद नई जगह कार्यभार संभालने के लिए पांच दिन का समय मिलेगा।
साल में 14 छुट्टियां और महिलाओं को 180 दिन का मातृत्व अवकाश
नई सेवा शर्तों के अनुसार सभी कर्मचारियों को सालाना 14 अवकाश और 10 दिन का चिकित्सा अवकाश मिलेगा। महिला कर्मचारियों को 180 दिन का मातृत्व अवकाश देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सरकारी दौरों पर कर्मचारियों को यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता भी देय होगा।
58 वर्ष होगी सेवानिवृत्ति आयु
नई व्यवस्था में कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष निर्धारित की गई है। कर्मचारी एक महीने का नोटिस देकर अपना त्यागपत्र दे सकेंगे। वहीं, कदाचार के मामलों में परिनिंदा, वित्तीय नुकसान की वसूली, मानदेय रोकने और सेवा से हटाने तक की कार्रवाई की जा सकेगी।
सरकार के इस फैसले से वीबी-जी राम जी योजना के तहत काम करने वाले कर्मचारियों की तैनाती और सेवा शर्तों को लेकर व्यवस्था स्पष्ट हुई है। अब योजना के संचालन के लिए स्वीकृत 1,351 पदों के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार से जुड़े कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
