हिमाचल की सड़कों की बहाली पर बजट का ब्रेक, 763 करोड़ रुपये अब भी लंबित

हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और बहाली का काम बजट जारी होने की धीमी रफ्तार के कारण प्रभावित हो रहा है। पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट (PDNA-2025) के तहत सड़कों के पुनर्स्थापन के लिए 1,091.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन जिलों को अब तक केवल 327.40 करोड़ रुपये ही जारी हुए हैं। यानी कुल स्वीकृत राशि का महज 30 फीसदी पैसा ही जिलों तक पहुंच पाया है।

करीब 763.92 करोड़ रुपये लंबित होने के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में सड़क बहाली का काम धीमा पड़ा है। खराब सड़कों के चलते लोगों को रोजाना आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंडी, शिमला और कांगड़ा में बड़ी राशि लंबित

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, मंडी जिले के लिए 225.38 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए, जिनमें से 58.83 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यहां 166.55 करोड़ रुपये लंबित हैं।

शिमला जिले को 211.12 करोड़ रुपये मंजूर हुए, लेकिन अब तक 74.48 करोड़ रुपये ही जारी किए गए हैं। कांगड़ा में 191.01 करोड़ रुपये स्वीकृत होने के बावजूद केवल 52.18 करोड़ रुपये मिले हैं। चंबा जिले में भी 184.24 करोड़ रुपये के मुकाबले 47.47 करोड़ रुपये जारी हुए हैं।

सोलन और किन्नौर की स्थिति भी जानिए

सोलन जिले में सड़क बहाली के लिए 22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से अब तक 5.05 करोड़ रुपये ही जारी हुए हैं, जबकि 16.95 करोड़ रुपये लंबित हैं।

किन्नौर जिले के लिए 4.20 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 3.22 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। यहां 98 लाख रुपये अभी लंबित हैं।

ऊना जिले में 29.46 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए, लेकिन केवल 9.51 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। शेष 19.95 करोड़ रुपये का इंतजार है।

एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की राशि जारी

वित्त वर्ष 2025-26 में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के तहत मिले 131.72 करोड़ रुपये जिलों को जारी किए जा चुके हैं। हालांकि, पीडीएनए के तहत स्वीकृत बड़ी राशि लंबित रहने से सड़कों की स्थायी मरम्मत और बहाली का काम प्रभावित हो रहा है।

लोक निर्माण मंत्री ने क्या कहा?

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के अनुसार, विभाग के पास बजट की कोई कमी नहीं है और जल्द ही सभी जिलों को पीडीएनए के तहत स्वीकृत राशि जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक 10 हजार करोड़ रुपये का बजट खर्च कर विभिन्न विकास कार्य करवा चुका है।

अब सवाल यह है कि लंबित 763.92 करोड़ रुपये जिलों तक कब पहुंचेंगे और मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की बहाली में तेजी कब आएगी।