हिमाचल में साइबर ठगी का बढ़ता जाल, छह साल में 390 करोड़ रुपये की चपत

हिमाचल प्रदेश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऑनलाइन लेनदेन और डिजिटल सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर अपराधियों ने लोगों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी की है। पिछले छह वर्षों में प्रदेश के लोगों को करीब 390 करोड़ रुपये का चूना लगाया जा चुका है।

साइबर क्राइम सेल के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 से 20 अक्तूबर 2026 तक हिमाचल प्रदेश में साइबर ठगी से जुड़ी कुल 56,002 शिकायतें दर्ज की गई हैं। वर्ष 2021 में जहां साइबर ठगी की केवल 136 शिकायतें सामने आई थीं, वहीं वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 18,706 तक पहुंच गया।

2026 में भी हजारों लोग बने ठगी का शिकार

वर्ष 2026 में 20 अक्तूबर तक साइबर ठगी की 12,654 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। इन मामलों में लोगों से 89.22 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 72.71 करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड करवाए हैं, जबकि कुल 1.86 करोड़ रुपये की रिकवरी की गई है।

किस साल कितनी हुई ठगी?

वर्ष 2021 में 3.65 करोड़ रुपये, 2022 में 8.75 करोड़ रुपये, 2023 में 40.70 करोड़ रुपये, 2024 में 114.92 करोड़ रुपये और 2025 में 132.27 करोड़ रुपये की ठगी दर्ज की गई। वहीं, 2026 में 20 अक्तूबर तक 89.22 करोड़ रुपये की ठगी हो चुकी है।

इन आंकड़ों से साफ है कि साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैल रहा है और ठगी की रकम में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है।

डिजिटल अरेस्ट और एआई से भी ठगी

साइबर ठग अब नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। पुलिस अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट की धमकी देना, निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देना, बैंक खाते और केवाईसी अपडेट के नाम पर जानकारी मांगना तथा एआई की मदद से परिचितों की आवाज और चेहरा कॉपी करना ठगी के प्रमुख तरीके बनते जा रहे हैं।

कई बार ठग लोगों को डर या जल्दबाजी में फैसला लेने के लिए मजबूर करते हैं। ऐसे में लोग अपनी बैंकिंग जानकारी साझा कर देते हैं और मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी न दें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप डाउनलोड करने से भी बचें।

यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय ठगी होती है, तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और अपनी शिकायत cybercrime.gov.in पर दर्ज करवाएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।