
हिमाचल प्रदेश में 1 से 22 जनवरी 2025 के दाैरान सामान्य से 73 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि के दाैरान 54 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया, लेकिन वास्तव में 14.7 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई। बिलासपुर में सामान्य से 91 फीसदी, चंबा 75, हमीरपुर 91, कांगड़ा 90, किन्नाैर 88, कुल्लू 65, लाहाैल-स्पीति 60, मंडी 75, शिमला 71, सिरमाैर 70, सोलन 87 व ऊना जिले में 93 फीसदी कम बारिश हुई। किसान-बागवान आने वाले दिनों में अच्छी बारिश-बर्फबारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 22 और 23 जनवरी को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। हालांकि, आज सुबह से ही शिमला में धूप खिली हुई है। विभाग के अनुसार सोलन, सिरमाैर, शिमला, मंडी, लाहाैल-स्पीति, कुल्लू, किन्नाैर, कांगड़ा व चंबा जिले के कई भागों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। जबकि बिलासपुर, ऊना व हमीरपुर जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 24 से 28 जनवरी तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
22 जनवरी को अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, उसके बाद अगले 1-2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट आने की संभावना है। वहीं अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 23 से 25 जनवरी के मध्य सुबह और देर रात के समय निचले पहाड़ी-मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने सहित 23 और 24 जनवरी को कुछ स्थानों पर शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
