
हिमाचल प्रदेश में मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बीच सोमवार को मैदानी एवं मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गर्मी ने फिर तेवर दिखाए। ऊना में अधिकतम तापमान फिर 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं।
मौसम विभाग ने इन जिलों में मंगलवार को भी लू जैसी परिस्थितियां बने रहने की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी का असर बढ़ा है। शिमला और मनाली समेत कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान बीते दिनों के मुकाबले अधिक दर्ज किया गया।
उधर, मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश, तेज अंधड़, बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। विभाग ने 11 और 12 जून के लिए कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 13 और 14 जून को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। चोटियों पर बर्फबारी भी हो सकती है।
