
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी स्थित एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र सपड़ी का दाैरा रद्द हो गया है। गृह मंत्री आज यहां सशस्त्र सीमा बल के 62वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने वाले थे लेकिन खराब माैसम व कोहरे के कारण उनका दाैरा रद्द हो गया है। वहीं अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी समारोह में नहीं आएंगे। अब एसएसबी के महानिदेशक संजय सिंघल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। 2006 बैच के एसएसबी कमांडेंट संजीव कुमार परेड का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ 2012 बैच की सहायक कमांडेंट नैंसी सिंगला भी शामिल रहेंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली नाटी, उत्तराखंड का छोलिया नृत्य और नेपाल-भारत सीमा का थारू नृत्य भी होगा। इस दाैरान एसएसबी के उप महानिरीक्षक, सहायक कमाडेंट, निरीक्षक, उप निरीक्षक और मुख्य आरक्षियों को सम्मान दिया जाएगाग। इनकी संख्या 59 है। इन्हें वीरता पदक, राष्ट्रपति वीरता पदक और राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। दिवंगत मुख्य आरक्षी रवि शर्मा की धर्मपत्नी रजनी शर्मा को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। शाह एसएसबी के नवनिर्मित भवनों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। स्मारिका का विमोचन भी होगा।
