पूरी खबर:
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में कबड्डी मैच देखने पहुंचे लोगों के लिए रविवार दोपहर का समय अचानक दहशत में बदल गया। कांगड़ा शहर से सटी पंचायत अब्दुल्लापुर में कबड्डी लीग मैच के दौरान स्कूल भवन की छत का छज्जा अचानक टूट गया। हादसे में छत पर मैच देख रहे 31 दर्शक घायल हो गए। इनमें से तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। मैदान के पास स्थित स्कूल भवन की छत पर बड़ी संख्या में लोग कबड्डी मैच देख रहे थे। कुछ लोग खड़े थे, जबकि कई लोग छत पर बैठकर मैच का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अधिक भार के कारण छज्जा अचानक नीचे की ओर झुक गया और देखते ही देखते टूट गया।

छज्जा टूटने के साथ ही उस पर मौजूद लोग करीब 8 से 10 फीट नीचे जा गिरे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कांगड़ा पहुंचाया।

हादसे के बाद एक राहत की बात यह रही कि क्षतिग्रस्त स्लैब पूरी तरह नीचे नहीं गिरा। वह सरियों के सहारे दीवार से अटक गया। अगर स्लैब पूरी तरह नीचे गिर जाता तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था।

नागरिक अस्पताल कांगड़ा की एसएमओ डॉ. कल्पना के अनुसार हादसे के बाद कुल 31 घायलों को अस्पताल लाया गया। इनमें से तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाकी घायलों का एक्स-रे और प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

हादसे में हर्ष, सुजान और मोहित को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में हादसे को लेकर चिंता का माहौल है।