
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में कुल्लू-आनी मार्ग पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खनेर गांव के पास सड़क का हिस्सा धंसने से हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। घटना के दौरान बस का अगला टायर अचानक सड़क से बाहर निकल गया, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे कुल्लू से आनी वाया शुश जा रही HRTC की बस खनेर गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क धंसने के कारण बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए छह से आठ यात्री बस से बाहर निकल आए। स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के बाद वे छोटी गाड़ियों के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
जेसीबी की मदद से निकालने का प्रयास
बस को सड़क से सुरक्षित निकालने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। काफी प्रयासों के बावजूद बस को निकालने में सफलता नहीं मिली। घटना के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
HRTC प्रबंधन ने दी जानकारी
एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि कुल्लू से आनी वाया शुश जा रही बस का अगला टायर खनेर गांव के पास सड़क से बाहर निकलने के कारण बस फंस गई थी। बस को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे थे।
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
