
ऊना, 31 अगस्त 2026। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब में हरियाणा रोडवेज की बस में एक महिला को डिब्बे के अंदर जिंदा कछुआ लेकर सफर करते हुए पकड़ा गया। महिला कछुए को ले जाने से संबंधित कोई दस्तावेज या अनुमति पत्र पुलिस के सामने पेश नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने कछुए को कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
बस चालक की नजर डिब्बे पर पड़ी
पुलिस के अनुसार हरियाणा रोडवेज के चालक सुधीर कुमार ने थाना अंब में शिकायत दर्ज करवाई। चालक ने बताया कि वह 29 अगस्त की शाम करीब पांच बजे दिल्ली से बस लेकर बैजनाथ के लिए रवाना हुआ था।
30 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे बस अंब स्थित गौतम ढाबे पर रुकी। इसी दौरान एक महिला बस से नीचे उतरी। चालक की नजर उसके हाथ में मौजूद एक डिब्बे पर पड़ी। शक होने पर चालक ने डिब्बे के बारे में पूछा।
डिब्बा खोला तो अंदर मिला जिंदा कछुआ
डिब्बा खोलने पर उसके अंदर जिंदा कछुआ मिला। चालक ने महिला से कछुए को ले जाने संबंधी दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगा, लेकिन वह कोई कागजात नहीं दिखा सकी।
इसके बाद चालक ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही अंब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को कछुए समेत कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कछुए को भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
धर्मशाला में धार्मिक गुरु को देने की बात
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में महिला ने बताया कि वह इस कछुए को धर्मशाला के एक धार्मिक गुरु को भेंट करने के लिए लेकर जा रही थी। हालांकि, पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि कछुआ महिला के पास कहां से आया और उसे ले जाने के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था।
वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत केस
एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि बस चालक की शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जांच में कछुए के स्रोत, उसे महिला तक पहुंचने और उसे धर्मशाला ले जाने के उद्देश्य समेत अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।
