
चीन ने युवा तिब्बती गायक और कार्यकर्ता असांग को हिरासत में लिया है। द जापान टाइम्स ने शनिवार को बताया कि असांग के खिलाफ यह कार्रवाई तिब्बत के निर्वासित आध्यात्मिक नेता दलाई लामा की तारीफ में गाना जारी करने पर की गई। निर्वासित तिब्बती सरकार, केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) के मुताबिक असांग को जुलाई की शुरुआत में सिचुआन प्रांत के न्गावा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। सीटीए का कहना है कि असांग का संगीत राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा नहीं है, यह सांस्कृतिक संरक्षण और आध्यात्मिक जुड़ाव का आह्वान है। सीटीए ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार समूहों से असांग की तत्काल रिहाई के लिए चीन पर दबाव बनाने की अपील की है। सीटीए ने कहा कि युवा तिब्बती गायक की हिरासत तिब्बती आवाजों खास तौर से तिब्बती कलाकारों और लेखकों को दबाने के चीन के बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियान का हिस्सा है।
