
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी पिकअप खाई में गिर गई। हादसे में पंजाब से आए चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 श्रद्धालु घायल हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 7:29 बजे पुलिस चौकी योल को सूचना मिली कि चामुंडा-धर्मशाला मार्ग पर इक्कू मोड़ के पास बल्ले होटल के समीप एक पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल (एक महिला व दो पुरुष) की डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस प्रकार हादसे में अब तक कुल 4 लोगों (2 पुरुष, 2 महिलाएं) की मौत हो चुकी है।
वहीं, चंबा जिले के भरमौर में पंजाब के श्रद्धालुओं की स्विफ्ट कार बीती रात को दुर्गठी के समीप धाई माता मंदिर के पास रावी नदी में जा गिरी। इस हादसे में तीन लोग लापता हैं जबकि दो लोग घायल हैं। कार में कुल पांच लोग सवार थे। घायलों का मेडिकल कॉलेज चंबा में इलाज चल रहा है।
सुल्तानपुर-जोत मार्ग पर भटालवा मंदिर के समीप कार खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश पुत्र चुहडू निवासी बड़बेही के रूप में हुई है। हादसा बीती मध्य रात का बताया जा रहा है। शुक्रवार को लोगों ने खाई में गिरी कार को देख तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खाई में उतरकर देखा तो कार में मृतक का शव भी बरामद हुआ। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को उठाकर सड़क तक पहुंचा। जिसके बाद शव को मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया। पुलिस टीम की निगरानी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि भटालवा मंदिर के समीप खाई में कार दुर्घटनाग्रस्त होने से व्यक्ति की मौत हुई है।
